


भागलपुर:
जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद इदरीश अंसारी की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना बीते दिनों शाम करीब 4 बजे की है, जब वे पीरपैंती स्टेशन के समीप एक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जीआरपी थाना की मौजूदगी में घायल अवस्था में उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
हालांकि इलाज के दौरान रात करीब 8 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक मोहम्मद इदरीश अंसारी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है तथा क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।













