


भागलपुर:
सुल्तानगंज पुलिस को अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नवादा गांव में छापेमारी कर एक देसी कट्टा, दो देसी मस्केट, नौ जिंदा कारतूस एवं दो खोखा के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
प्रशिक्षु आईपीएस सायम रजा ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार अवैध शराब, हथियार एवं मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर लगातार गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 मार्च की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर नवादा गांव में छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि हिरा लाल यादव की हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक (नगर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) तथा सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
छापेमारी के दौरान नवादा बाजार से मणि कुमार उर्फ सिंटू यादव एवं सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक देसी कट्टा, दो देसी मस्केट, नौ जिंदा कारतूस, दो खोखा एवं एक बैग बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मणि कुमार उर्फ सिंटू यादव नवादा गांव का निवासी है, जबकि सोनू कुमार तिलकपुर का रहने वाला है। मणि कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद आपसी रंजिश में हिरा लाल यादव की हत्या की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस गिरफ्तारी अभियान में सुल्तानगंज थाना के पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार, कृष्णानंद कुमार सिंह, पवन कुमार, विष्णुदेव कुमार, राजेश कुमार यादव, प्रमोद कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।













