4.1
(7)

नवगछिया :
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम में नवगछिया अनुमंडल के एस.बी.सी. उच्च विद्यालय, लत्तीपाकर (धरहरा) की छात्रा नेहा भारती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नेहा ने 474 अंक प्राप्त कर नवगछिया अनुमंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। साथ ही उन्होंने भागलपुर जिले में सातवां स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

नेहा की इस सफलता से विद्यालय सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीण, रिश्तेदार एवं शुभचिंतक लगातार उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

नेहा के पिता अक्षय कुमार झा एलआईसी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं तथा जीविका में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि नेहा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और नियमित रूप से अनुशासित ढंग से पढ़ाई करती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से विश्वास था कि नेहा बेहतर परिणाम लाएगी, लेकिन इस स्तर की सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है।

विद्यालय की प्राचार्या ने नेहा को बधाई देते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नेहा ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी कठिन परिश्रम के बल पर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी नेहा से प्रेरणा लेने की सलाह दी।

इस उपलब्धि पर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। नेहा ने नवगछिया अनुमंडल टॉपर बनकर और जिले में सातवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विद्यालय में भी नेहा की सफलता को लेकर उत्साह का माहौल रहा। शिक्षकों ने इसे निरंतर परिश्रम और उचित मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिक्षक मनोज कुमार, ब्रजेश कुमार झा, विजू मंडल, राजाराम पंडित, राजीव कुमार, संजीव कुमार, निखत शबीह, कमलजीत, प्रियंका कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने नेहा को बधाई दी।

नेहा की इस उपलब्धि को लेकर ग्रामीणों में भी गर्व का भाव है। लोगों का कहना है कि इस सफलता से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अन्य छात्र-छात्राएं भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.1 / 5. Vote count: 7

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: