


नवगछिया। नवगछिया थाना पुलिस ने ट्रक चालक नवीन कुमार सिंह हत्याकांड में एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के मनियामोर निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि 15 मई को नवगछिया के नयाटोला से एक ट्रक चालक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी महेश्वर सिंह के 48 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई थी।

मृतक की पत्नी सविता देवी के बयान पर नवगछिया थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनके पति पेशे से ट्रक चालक थे और पूर्णिया से कोल्ड ड्रिंक एवं अन्य सामान लेकर जा रहे थे। उन्होंने नवगछिया जीरोमाइल स्थित अजीत शर्मा के पेट्रोल पंप के समीप ट्रक खड़ा किया था। बताया जाता है कि सुबह करीब चार बजे वह किसी काम से नयाटोला की ओर गए थे, जहां अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को मनियामोर निवासी नीतीश कुमार की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।















