5
(2)

नवगछिया। नीट परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर संभावित विरोध-प्रदर्शन के बीच नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या, असंतोष या शिकायत को लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संबंधित सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखें।

एसपी ने अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं या सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें साझा करें। साथ ही किसी असामाजिक तत्व या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के बहकावे में आकर कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल नहीं हों।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर प्रदर्शन की आड़ में पुलिस बल पर हमला, सरकारी एवं निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना, सड़क जाम, तोड़फोड़, आगजनी तथा आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर हमले जैसी घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे कृत्य पूरी तरह अवैधानिक हैं और इनमें शामिल लोगों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।

नवगछिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी उपद्रवी गतिविधि, हिंसा, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

एसपी ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि उनका भविष्य, शिक्षा और करियर अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए वे स्वयं भी किसी प्रकार की हिंसा या अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहें और अपने बच्चों को भी इससे दूर रखें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: