


ढोलबज्जा। ढोलबज्जा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। मरीजों की परेशानी को देखते हुए भागलपुर के सिविल सर्जन ने नवगछिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश देते हुए डॉ. लेखा कुमारी की प्रतिनियुक्ति ढोलबज्जा एपीएचसी में करने का आदेश दिया था। आदेश के बाद उनकी प्रतिनियुक्ति भी कर दी गई, लेकिन अब तक उन्होंने अस्पताल में योगदान नहीं दिया है।

स्थानीय ग्रामीणों सुधाकर यादव, अंगेश भगत, रामदेव मंडल, शंकर शर्मा, सुधीर राम सहित अन्य लोगों का आरोप है कि सिविल सर्जन के आदेश के बावजूद डॉ. लेखा कुमारी ने मनमाना रवैया अपनाते हुए ढोलबज्जा एपीएचसी में योगदान नहीं दिया है। इसके कारण अस्पताल में चिकित्सकीय सेवाएं सुचारु रूप से बहाल नहीं हो सकी हैं और मरीजों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ढोलबज्जा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करीब 12 पंचायतों और लगभग तीन लाख की आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल में आने वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर मरीजों को हो रही है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन के आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा ढोलबज्जा एपीएचसी में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं बहाल करने की मांग की है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र की बड़ी आबादी को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
















