
पूर्णिया। पूर्णिया सदर के विधायक विजय खेमका ने रविवार को पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र एवं पूर्णिया पूर्व प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मां भवानी से पूर्णिया सहित समस्त बिहारवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

विधायक ने नगर निगम क्षेत्र के शक्तिनगर, सिपाही टोला, माता स्थान, मधुबनी, रामबाग ब्रह्मस्थान, रजनी चौक, लाइन बाजार, पूर्णिया कोर्ट, स्टेशन क्लब, सिटी साईं मंदिर और गुलाबबाग सहित विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं, पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रानीपतरा, दीवानगंज, वीरपुर और हरदा स्थित दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में भी उन्होंने मां भवानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि नवरात्र और दुर्गा पूजा हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, आस्था तथा शक्ति की उपासना का महापर्व है। इस वर्ष पूर्णिया जिले में 200 से अधिक भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ दुर्गा पूजा मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला उत्सव भी है। यह पर्व समाज में एकता और सकारात्मकता की भावना को मजबूत करता है।
विधायक ने पूर्णियावासियों सहित समस्त सनातन धर्मावलंबियों को नवरात्र एवं दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि गोपाल सिन्हा सहित मनोज सिंह, अजीत सिन्हा, सोनू सिंह, राजेश चौरसिया, मुकेश साह, राजेश रंजन, विनोद सिन्हा, मोहित राय, प्रदीप साह, विमल मंडल, रुपेश शर्मा, संजय मिश्रा और सुकेश पाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।














