


भागलपुर : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण करने के लिए भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल सोमवार को मौके पर पहुंचे और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने गंगा के दोनों तटों का दौरा कर स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा उनकी समस्याओं को सुना।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने प्रशासन को त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक सेतु पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हो जाता, तब तक नि:शुल्क स्टीमर एवं नौका सेवा लगातार जारी रखी जाए। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम करने और एसडीआरएफ टीम की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सांसद ने वैकल्पिक आवागमन को सुगम बनाने पर जोर देते हुए कहा कि टूटे हुए हिस्से के निकट सीढ़ी लगाई जाए, ताकि लोग टोटो एवं ई-रिक्शा के माध्यम से आसानी से आवागमन कर सकें और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा सांसद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री को पत्र लिखकर भागलपुर–खगड़िया (भाया जमालपुर) एवं भागलपुर–कटिहार रेलखंड के बीच अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की मांग की है, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का प्राथमिक दायित्व है कि आम जनता को इस संकट की घड़ी में हर संभव सुविधा और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
















