5
(1)

भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के समानांतर बनाए गए बेली ब्रिज पर गिट्टी और बालू लदे भारी ट्रकों के परिचालन की वायरल खबरों और शिकायतों के बाद कराई गई जांच में भारी वाहनों के आवागमन की पुष्टि नहीं हुई है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बेली ब्रिज से भारी ट्रकों का परिचालन संभव नहीं है।

हालांकि जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ छोटे मालवाहक वाहन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही के कारण पुल से गुजर गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई की गई है।

पुलिस प्रशासन ने एक पुलिस अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों तथा एक गृहरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा व्यवस्था में लगे निजी कर्मियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि बेली ब्रिज की संरचना और उसकी चौड़ाई ऐसी नहीं है कि उस पर गिट्टी और बालू से लदे भारी ट्रकों का परिचालन कराया जा सके। जांच में भी ऐसे किसी भारी वाहन के आवागमन की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि पुल पर यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बेली ब्रिज पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: