


नवगछिया। परवत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु के पाया नंबर 70 के पास शनिवार को मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक पशुपालक युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को यातायात पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जगतपुर निवासी सत्तन यादव के पुत्र ललित यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ललित यादव भागलपुर के हाउसिंग कॉलोनी में रहकर पशुपालन का काम करता था। शनिवार को वह हाउसिंग कॉलोनी से अपनी मोटरसाइकिल से घर जगतपुर लौट रहा था। इसी दौरान विक्रमशिला सेतु के पाया नंबर 70 के पास सामने से आ रही स्कूटी से उसकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ललित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद टीओपी प्रभारी ने यातायात थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ललित यादव को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भागलपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना के बाद जगतपुर गांव में भी शोक का माहौल है।
















