


नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर शुक्रवार को वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण लंबा जाम लग गया। पुल पर वाहनों की रफ्तार थमते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति ऐसी रही कि लोगों को पुल पार करने में सामान्य समय की तुलना में कई गुना अधिक समय लगा। जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। पुल पर एक वाहन के पीछे दूसरे वाहन की लंबी कतार लगती चली गई। नवगछिया और भागलपुर की ओर से आने-जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। कई यात्री जरूरी काम और इलाज के लिए भागलपुर जा रहे थे, लेकिन जाम के कारण समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
आए दिन सामने आ रही जाम की समस्या
विक्रमशिला सेतु पर लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के कारण आए दिन जाम की समस्या सामने आ रही है। हाल में भी सेतु से नवगछिया जीरोमाइल तक करीब आठ घंटे तक जाम की स्थिति बनी थी। लगातार जाम के कारण पुल से होकर यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

सेतु बंद होने की तैयारी से बढ़ी चिंता
विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत एवं निर्माण कार्य को लेकर आने वाले दिनों में आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। सेतु को बंद करने की प्रस्तावित तिथि को लेकर प्रशासन और मुख्यालय स्तर पर चर्चा चल रही है। ऐसे में शुक्रवार को लगे लंबे जाम ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
मरीजों और रोजाना सफर करने वालों को सबसे अधिक परेशानी
जाम के कारण मरीजों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों तथा रोजाना भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। लंबे समय तक वाहनों के जाम में फंसे रहने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वाहन चालकों ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि पुल पर वाहनों का परिचालन सुचारू रूप से हो सके।
















