


भागलपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के तहत भागलपुर के मॉडल सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्स प्रैक्टिशनर इन मिडवाइफरी (एनपीएम) द्वारा नवजात शिशुओं की माताओं को स्तनपान के महत्व एवं उसकी सही विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान डेमो के माध्यम से माताओं को नवजात को सही तरीके से स्तनपान कराने की प्रक्रिया समझाई गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि जन्म के बाद पहले छह माह तक शिशु के लिए केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होता है तथा कई प्रकार की बीमारियों से भी सुरक्षा मिलती है।
इस अवसर पर माताओं से अपील की गई कि वे नवजात शिशुओं को नियमित रूप से स्तनपान कराएं तथा स्तनपान से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका या भ्रम होने पर स्वास्थ्यकर्मियों से सलाह लें।
कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के प्रति जागरूक बनाकर नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में एएनएम शिवानी कुमारी ने भी माताओं को स्तनपान के महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
















