



गणना प्रपत्र अपलोड नहीं करने वाले बीएलओ के विरुद्ध होगी कार्रवाई
भागलपुर। भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत गणना प्रपत्र तेजी से अपलोड करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने डीपीएम जीविका को अपने पदाधिकारियों के माध्यम से जिले के सभी जीविका दीदी एवं उनके परिवार के सभी मतदाता का गणना प्रपत्र भरवा कर अपलोड करवा देने को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक भी जीविका दीदी एवं उनके परिवार के मतदाता छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के मतदाता सूची में लगभग 60 प्रतिशत मतदाता का नाम दर्ज है इसलिए वैसे मतदाताओं को मतगणना प्रपत्र भरने में कोई कठिनाई नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभी तक 1 लाख 84 हजार प्रपत्र अपलोड किया गया है जो कि अन्य जिलों की तुलना में कम है। उन्होंने आज शाम तक 3 लाख 50 हजार गणना प्रपत्र अपलोड करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि वैसे बीएलओ या जिनके द्वारा गणना प्रपत्र अपलोड करने में लापरवाही की जा रही है, को चिन्हित करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव के प्रतिवेदन पर एक शिक्षक को भारत निर्वाचन आयोग के आदेश का अनुसरण करने में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित किया गया। नाथनगर के एक प्रधानाध्यापक को भी गणना प्रपत्र अपलोड करने में कोताही बरतने के लिए निलंबित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि बीएलओ के अपलोडिंग कार्य का अनुश्रवण प्रति घंटा करने को कहा, ताकि उसने कितना गणना फॉर्म अपलोड किया, पता चल सके साथ ही वह किस अवधि में काम नहीं कर रहा है और किस अवधि में अपलोडिंग कर रहा है और किस रफ्तार से कर रहा है, यह पता चल सके।

ताकि उसे पर कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों, सभी सेविका, सहायिका, सभी डीलर, आशा कार्यकर्ता एवं सभी जीविका दीदी को तत्परता से कार्य करवाने हेतु संबंधित नियंत्री पदाधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, डीपीएम जीविका, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीएम हेल्थ को अपने पदाधिकारी एवं कर्मियों के कार्यों के निगरानी एवं अनुश्रवण सख़्ती से करने के निर्देश दिए। बैठक में नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह ने गोपालपुर में तेजी से किए गए कार्य के लिए अपनाई गई कार्य योजना से अवगत कराया। प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपालपुर ने भी अपने यहां शिविर आयोजित कर गणना प्रपत्र अपलोडिंग का कराए जा रहे कार्य से अवगत कराया। बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जीतन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।















