



भागलपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत मतदान केंद्र, प्रखंड एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर संग्रहीत किए जा रहे गणना प्रपत्रों के कार्य में तेजी लाने को लेकर समीक्षा भवन, भागलपुर में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से उनके क्षेत्र में मतदान केंद्र स्तर पर हो रहे प्रपत्र संग्रहण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विहित प्रपत्र में प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं अपलोडिंग की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि 156-भागलपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में गणना प्रपत्र संग्रहण की प्रगति अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तुलना में धीमी है। इसे गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, भागलपुर को निर्देश दिया गया कि वे अपने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ बैठक कर कार्य में तेजी लाएं।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, भागलपुर नगर निगम शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।














