


पूर्णिया । विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया द्वारा रविवार को तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बलकर्मियों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान तंबाकू से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट (प्रशासन) जनार्दन मिश्र ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक घातक रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तंबाकू की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा विशेष रूप से युवाओं को इस बुरी आदत से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और व्यापक जागरूकता के माध्यम से ही तंबाकू मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा तंबाकू सेवन के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं अन्य बलकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
















