5
(2)

नवगछिया। भागलपुर जिला योगा खेल संघ की ओर से नवगछिया अनुमंडल के बभनगामा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के सामुदायिक भवन में एक दिवसीय योगा खेल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को योगा खेल, इसके महत्व और इससे होने वाले विभिन्न लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बच्चों को योगा खेल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि खेल के रूप में भी इसमें विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि योगा खेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी छात्रवृत्ति प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सरकारी नौकरी प्राप्त करने का अवसर भी मिल सकता है।

भागलपुर जिला योगा खेल संघ के मीडिया प्रभारी विकास चौरसिया ने बताया कि बभनगामा में बच्चों को योगा कोच मुकेश कुमार उर्फ संजीव द्वारा प्रतिदिन निशुल्क योगासन का अभ्यास कराया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित अभ्यास के माध्यम से योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे स्वस्थ रहने के साथ-साथ योगा खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।

कार्यशाला में समाजसेवी सह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व खंड कार्यवाह निरंजन साह भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए नियमित रूप से योग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक एकाग्रता और अनुशासन को भी मजबूत करता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना चाहिए और नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

कार्यशाला में बभनगामा गांव के नियमित योगाभ्यास करने वाले शंभु शरण, पवन व्यास, गया जी, रुक्मणी देवी, सुनैना रानी, रूपाणी देवी, मोहित, क्रिस राज, आमप्रियांशी, आदित्य, सेना के जवान मुकेश कुमार सुमन सहित बड़ी संख्या में बच्चे-बच्चियां, बुजुर्ग एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान बच्चों और ग्रामीणों में योग के प्रति उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों को योगा खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना रहा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: