
बिहपुर के हरिओ गांव का रहने वाला है बालक माखन दास, ननिहाल नन्हकार से भटककर पहुंच गया था नवगछिया
नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के जीरोमाइल में सड़क पर अकेले भटक रहे एक बालक को डायल 112 की पुलिस टीम ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के दौरान बालक ने अपना नाम माखन दास और घर बिहपुर थाना क्षेत्र के हरिओ गांव बताया।
जानकारी के अनुसार, बालक अपने ननिहाल नन्हकार में रह रहा था। इसी दौरान वह भटकते हुए नवगछिया के जीरोमाइल पहुंच गया। सड़क पर अकेले घूम रहे बालक पर डायल 112 की पुलिस टीम की नजर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके घर तथा परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद पुलिस ने बालक के परिजनों से संपर्क कर उसे उसकी दादी के हवाले कर दिया। बालक के सुरक्षित मिलने से परिजनों को राहत मिली।















