


कृषि अनुसंधान, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण के माध्यम से दिया विकास व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
पूर्णिया ।
भारतीय जनता पार्टी के “12 साल बेमिसाल : विश्वास, विकास और जनकल्याण” अभियान के तहत शुक्रवार को पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने विभिन्न संस्थानों एवं विकास परियोजनाओं का दौरा कर जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कृषि अनुसंधान, पर्यटन विकास, रेल सुविधाओं, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का निरीक्षण किया।
विधायक ने सबसे पहले पूर्णिया सिटी स्थित भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रोफेसरों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ मखाना, मत्स्य पालन तथा अन्य कृषि फसलों से संबंधित अनुसंधान परियोजनाओं का अवलोकन किया। कृषि वैज्ञानिकों ने उन्हें उन्नत बीज उत्पादन, मत्स्य बीज संवर्धन, मखाना की नई किस्मों तथा मसाला फसलों पर किए जा रहे शोध कार्यों की जानकारी दी। विधायक ने कृषि अनुसंधान को किसानों की आय बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इसके बाद उन्होंने मां पूरण देवी मंदिर परिसर पहुंचकर लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से संचालित पर्यटन विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व एवं “12 साल बेमिसाल” जनसेवा अभियान की निरंतर सफलता की कामना की।
विधायक ने पूर्णिया जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल यात्रियों, श्रमिकों और रेलवे कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। स्टेशन मास्टर, आरपीएफ और सीआरपीएफ अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ मिलकर उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाया और वृक्षारोपण कर स्वच्छ भारत मिशन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि अस्थायी रूप से 14 जून से संचालित होने वाली राजधानी एक्सप्रेस के स्थायी परिचालन तथा वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में बदलाव को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजा गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
बेलौरी कुशवाहा टोला और बेगमबाद साह टोला में आयोजित संवाद कार्यक्रमों में विधायक ने किसानों और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक गुलाबबाग स्थित गायत्री मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं के साथ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पवन सहनी, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय मिश्रा, प्रमोद केसरी, अमित महतो, रवि घोष, जितेंद्र मंडल, संजय सिंह, गोविंद शाह, मुनेंद्र महलदार, पप्पू कमती सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, बूथ अध्यक्ष एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
















