


बिहुला चौक स्थित विषहरी मंदिर में होगा भव्य आयोजन, घर-घर दीप जलाकर और रंगोली बनाकर उत्सव मनाने का आह्वान
नवगछिया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा बिहुला विषहरी पूजा महोत्सव इस वर्ष 17 एवं 18 अगस्त को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बिहुला विषहरी पूजा समिति, बिहुला चौक (छोटी ठाकुरबाड़ी रोड) ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

पूजा समिति की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार 17 अगस्त को प्रत्येक परिवार अपने घर के आसपास बेटी बिहुला के स्वागत में रंगोली बनाए तथा शाम के समय मां बिहुला विषहरी के नाम पर एक दीप अवश्य जलाए। समिति का मानना है कि यह महोत्सव नवगछिया की सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है, जिसे हर परिवार को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।
समिति ने श्रद्धालुओं से 17 एवं 18 अगस्त को बिहुला चौक स्थित विषहरी मंदिर के साथ-साथ शहर के अन्य विषहरी मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने का आग्रह किया है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां बिहुला विषहरी (मां मनसा) अपने भक्तों की सच्ची श्रद्धा से की गई प्रार्थना सुनकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
बिहुला विषहरी पूजा समिति ने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से महोत्सव में शामिल होकर नवगछिया की इस ऐतिहासिक धार्मिक परंपरा को भव्य बनाने की अपील की है।
















