


खरीक के जमालदीपुर की घटना, मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन
नवगछिया पुलिस जिला के
खरीक थाना क्षेत्र के जमालदीपुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय युवक की ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को 14 नंबर लत्तीपुर चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आगजनी कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

मृतक की पहचान जमालदीपुर निवासी मंचन कुमार (26), पिता गोकुल मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि मंचन कुमार सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे और प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह दौड़ का अभ्यास करने के लिए घर से निकले थे। वह गांव से दौड़ते हुए 14 नंबर सड़क स्थित विश्वकर्मा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मिट्टी लदे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल मंचन कुमार को तत्काल खरीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग 14 नंबर लत्तीपुर चौक पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
स्थानीय मुखिया गणेश मंडल ने कहा कि खरीक एवं आसपास के क्षेत्रों में मिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टरों का परिचालन लगातार हो रहा है। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से अवैध रूप से संचालित ओवरलोड ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
















