


तैयारियों की समीक्षा तेज
पूर्णिया । जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी 2 जून 2026 (मंगलवार) को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में नामित नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों द्वारा शिविर की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, धमदाहा ने शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की तथा निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों द्वारा दिए जाने वाले शिकायत एवं समस्याओं से संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन विभागीय मानक प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार जून माह के प्रथम मंगलवार, यानी 2 जून को जिले के सभी 14 प्रखंडों की चयनित पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाएगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक माह से संबंधित पंचायत सरकार भवनों एवं पंचायत भवनों में नागरिकों से शिकायत एवं आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि शिविर के दिन उनका निष्पादन किया जा सके।
इन पंचायतों में आयोजित होंगे सहयोग शिविर
- पूर्णिया पूर्व प्रखंड – रजीगंज पंचायत भवन
- केनगर प्रखंड – मजरा पंचायत भवन
- श्रीनगर प्रखंड – खुट्टी धुनैली पंचायत सरकार भवन
- कसबा प्रखंड – संझैली पंचायत सरकार भवन
- जलालगढ़ प्रखंड – अकम्बा पंचायत सरकार भवन
- बनमनखी प्रखंड – धरहरा पंचायत सरकार भवन
- बी. कोठी प्रखंड – वासुदेवपुर पंचायत भवन
- भवानीपुर प्रखंड – सोनामा पंचायत भवन
- धमदाहा प्रखंड – मोगलिया पुरंदाहा पश्चिम पंचायत सरकार भवन
- रुपौली प्रखंड – बसंतपुर पंचायत सरकार भवन
- अमौर प्रखंड – हफनियां पंचायत सरकार भवन
- बैसा प्रखंड – मनोपाड़ा पंचायत सरकार भवन
- बायसी प्रखंड – चोपड़ा पंचायत भवन
- डगरूआ प्रखंड – महतौर पंचायत सरकार भवन
जिला प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यक आवेदनों को पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत भवन में जमा कर सहयोग शिविर का लाभ उठाएं। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
















