


आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
पूर्णिया । आगामी 2 जून को जिले की पंचायतों में आयोजित होने वाले पंचायत सहयोग शिविरों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार ने शनिवार को विभिन्न पंचायत सरकार भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सहयोग शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में प्रभारी जिला पदाधिकारी ने कसबा प्रखंड के संझेली पंचायत सरकार भवन तथा डगरुआ प्रखंड के महतौर पंचायत सरकार भवन का दौरा किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित तैयारियों का अवलोकन करते हुए प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की।
संझेली पंचायत सरकार भवन में निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित रजिस्टरों, पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों के संधारण और निष्पादन की प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित करने की आवश्यकता है। इस पर प्रभारी जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, कसबा को निर्देश दिया कि सभी विभागों से प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि संबंधित रजिस्टरों में अनिवार्य रूप से की जाए तथा प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों का अद्यतन विवरण समयबद्ध तरीके से सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समेकित विवरण एक केंद्रीयकृत रजिस्टर में संधारित किया जाए, ताकि किसी भी आवेदन की स्थिति का आसानी से अनुश्रवण किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी ने पंचायत सहयोग शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं और आवेदनों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा शिविर में आने वाले लोगों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की समुचित सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने डगरुआ प्रखंड के महतौर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर वहां की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहयोग शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं तथा शिविर में आने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रभारी जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर करना और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मियों को समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पंचायत सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यक आवेदनों का निष्पादन कराएं और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें।
















