


पूर्णिया। पूर्णिया और सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए सोमवार की देर रात एक नई सुविधा की शुरुआत हुई। करीब 21 साल बाद पूर्णिया के लिए रात्रिकालीन सीधी ट्रेन सेवा शुरू की गई। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने 17 अगस्त 2026 की देर रात पाटलिपुत्र स्टेशन से ट्रेन संख्या 03216/03215 (पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र) को हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया के लिए रवाना किया। इस दौरान सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच मिठाई बांटी और नई रेल सेवा के लिए यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। ट्रेन के रवाना होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने रेलवे बोर्ड, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे के अधिकारियों और विशेष रूप से समस्तीपुर मंडल के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र के लोग लंबे समय से पटना और पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे। जनता की इस मांग को लेकर उन्होंने लगातार सदन से लेकर रेलवे बोर्ड, समस्तीपुर मंडल और रेल मंत्री तक आवाज उठाई। लगातार प्रयास और जनता के संघर्ष के बाद यह मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि पूर्णिया, सीमांचल, कोसी, मधेपुरा, खगड़िया सहित आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों के लंबे संघर्ष की सफलता है।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को पहले रेल मानचित्र पर अपेक्षित महत्व नहीं मिलता था, लेकिन पिछले दो वर्षों में जनता के समर्थन के साथ लगातार प्रयास किए गए। इसी का परिणाम है कि अब पूर्णिया के यात्रियों को रात में पटना जाने और सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। सांसद ने समस्तीपुर मंडल के डीआरएम, रेलवे के जीएम, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति भी आभार जताया और कहा कि यात्रियों की परेशानी एवं जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए इस सेवा को शुरू करने में सहयोग किया गया।
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 03216 पाटलिपुत्र से रात 11 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। फिलहाल यह ट्रेन 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक सप्ताह में पांच दिन संचालित की जाएगी। रात्रिकालीन सीधी रेल सेवा शुरू होने से पूर्णिया और सीमांचल के हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और उनके परिजनों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। रात में यात्रा कर सुबह पूर्णिया पहुंचने की सुविधा से यात्रियों के समय के साथ अतिरिक्त खर्च की भी बचत होगी।
सांसद ने कहा कि जनता से किया गया एक और वादा पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे पहले उनके प्रयासों से पूर्णिया एयरपोर्ट आम लोगों के लिए संचालित हुआ और रेलवे एवं सड़क से जुड़ी कई योजनाओं को गति मिली। रात्रिकालीन ट्रेन सेवा भी उसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल के लोगों की रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
पप्पू यादव ने उम्मीद जताई कि यात्रियों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए 17 सितंबर के बाद भी इस ट्रेन का परिचालन जारी रखते हुए इसे नियमित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नई ट्रेनों के परिचालन, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर वे लगातार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे। रात्रिकालीन ट्रेन की शुरुआत को उन्होंने पूर्णिया और पूरे सीमांचल के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में पटना-पूर्णिया रेल संपर्क को और मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
















