


पूर्णिया : पूर्णिया ईस्ट प्रखंड के लालगंज पंचायत भवन तथा नगर निगम क्षेत्र के जगदंबा स्मारक मध्य विद्यालय में वार्ड संख्या 4, 5, 6 एवं 7 के नागरिकों के लिए आयोजित सहयोग शिविर में विधायक विजय खेमका शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और शिविर में पहुंचे नागरिकों एवं आवेदकों से उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक ने एडीएम सह सिटी कमिश्नर, ट्रेजरी ऑफिसर, बीडीओ, सीओ सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली तथा सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पंचायतों एवं नगर निगम क्षेत्रों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े और उनके क्षेत्र में ही प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस, प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालयों में जनता दरबार तथा प्रत्येक गुरुवार को महादलित बहुल टोलों में संत रविदास विकास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बिजली विभाग के प्रखंड, अनुमंडल एवं प्रमंडल कार्यालयों में 17 से 22 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर आयोजित किए जा रहे इन शिविरों के माध्यम से सरकार और प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से सहयोग शिविरों को और अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों पर केवल खानापूर्ति नहीं हो, बल्कि उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्ग नागरिकों के लिए शिविर में अलग से बैठने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शिविर में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष नागरिक अपनी समस्याओं और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। इस दौरान मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, नगर निगम के वार्ड पार्षद सहित भाजपा एवं एनडीए के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि इस प्रकार के जनसहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं और इनका अधिकतम लाभ आम लोगों को मिलना चाहिए।
















