


नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर मोबाइल लूटकांड का सफल उद्भेदन कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुवारी टोला पकरा के समीप एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने वादी सुनील कुमार को हथियार का भय दिखाकर उनका मोबाइल और 2800 रुपये नकद लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर नवगछिया थाना कांड संख्या 138/26, दिनांक 25 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर कांड में संलिप्त आरोपी नीतीश कुमार (पिता—पागो दास उर्फ भरत दास, निवासी—पचगछिया, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस द्वारा उनके विरुद्ध लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आपराधिक घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।













