


नवगछिया प्रखंड अंतर्गत ढोलबज्जा पंचायत के गरैया स्थित निर्माणाधीन हनुमान मंदिर प्रांगण में स्वामी आगमानंद महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य भजन-सत्संग एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विष्णु महायज्ञ समिति ढोलबज्जा गरैया के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मशहूर कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भजन-सत्संग का भरपूर आनंद लिया और भगवान के नाम में लीन होकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया सच्चिदानंद यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान पवन यादव ने कहा कि जब-जब ऐसे महापुरुष धरती पर अवतरित होते हैं, तब-तब समाज का कल्याण होता है और पापों का क्षय होता है। उन्होंने बताया कि नवगछिया के नागरह गांव में जन्मे स्वामी आगमानंद महाराज ने अपनी तपस्या के बल पर जनकल्याण का मार्ग अपनाया और समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की।
रामनवमी एवं स्वामी आगमानंद महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विष्णु महायज्ञ समिति के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विष्णु कुमार मंडल, पवन कुमार, रोशन कुमार, चंदन कुमार, रोहित कुमार, अखिलेश मंडल, विनोद लाल, पृथ्वीराज यादव, विजय चौधरी, मनोरंजन प्रसाद भगत, रंजीत शर्मा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भजन-सत्संग और भंडारे के साथ संपन्न यह आयोजन क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा।













