


पूर्णिया : मोतिहारी में 7 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में किलकारी बिहार बाल भवन, पूर्णिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में किलकारी पूर्णिया के खिलाड़ियों ने कुल दो स्वर्ण, दो रजत एवं दो कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से किलकारी परिवार, अभिभावकों एवं जिलेवासियों में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता के कैडेट वर्ग (अंडर-45 किलोग्राम) में शारदा नगर निवासी गोपाल ठाकुर के पुत्र राहुल कुमार ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं कैडेट वर्ग (अंडर-49 किलोग्राम) में सुदीन चौक निवासी वीणा देवी के पुत्र सुनील कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन के बल पर राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
इसके अलावा सब-जूनियर बालिका अंडर-32 किलोग्राम वर्ग में सानवी साह ने रजत पदक जीता, जबकि अंडर-29 किलोग्राम वर्ग में सनाया साह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं कैडेट बालक अंडर-41 किलोग्राम वर्ग में आयुष राज ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-33 किलोग्राम वर्ग में हर्ष राज कुमार साह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर किलकारी पूर्णिया का गौरव बढ़ाया।
इन सभी खिलाड़ियों को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्रशिक्षक कृष्ण कुमार राउत के मार्गदर्शन में दिया गया। प्रशिक्षक की देखरेख में खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
किलकारी बिहार बाल भवन, पूर्णिया के पदाधिकारियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और पूर्णिया का नाम गौरवान्वित करेंगे।
खिलाड़ियों की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि किलकारी बिहार बाल भवन, पूर्णिया खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
















