5
(1)

पूर्णिया : राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा भारत की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को पूर्णिया के गुलाबबाग में विधायक विजय खेमका के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के उत्साह से सराबोर इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों, व्यवसायियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पाट व्यवसायी भवन से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए सोनौली चौक स्थित महावीर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों की गूंज सुनाई देती रही। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि देश सर्वोपरि है और राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान और गौरव के लिए प्रत्येक भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा उसे और अधिक मजबूत बनाना है।

विधायक ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराए और राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान, समर्पण एवं गौरव की भावना को अभिव्यक्त करे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक विजय खेमका ने सभी नागरिकों को आगामी स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: