


पूर्णिया : 44वीं वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन प्रोफेसर डॉ. शंभू कुशाग्र की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में 25 एवं 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली दो दिवसीय प्रतियोगिता की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्णय के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक किया जाएगा। खिलाड़ियों का पंजीकरण 18 से 22 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक स्टेडियम परिसर में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह 25 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे आयोजित होगा।
संघ के सचिव एम एच रहमान ने बताया कि इस वर्ष लगभग 500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता को पांच आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। अंडर-14 वर्ग में 60 मीटर एवं 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और किड्स जैवलिन शामिल होंगे। अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर, 80 मीटर हर्डल दौड़ सहित फील्ड इवेंट्स आयोजित होंगे। अंडर-18 वर्ग के लिए 100, 200, 400, 1000 मीटर दौड़, हर्डल रेस तथा विभिन्न कूद एवं थ्रो स्पर्धाएं निर्धारित की गई हैं।
अंडर-20 तथा महिला-पुरुष वर्ग में 100 मीटर से 5000 मीटर दौड़, 110 एवं 400 मीटर हर्डल, ऊंची कूद, लंबी कूद, तिकड़ी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक एवं हैमर थ्रो प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को संघ की ओर से मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ी जून माह में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजकों ने बताया कि पिछले वर्षों में जिला टीम को राज्य स्तर पर 18 से 20 पदक प्राप्त होते रहे हैं और इस वर्ष इससे अधिक पदक जीतने की उम्मीद जताई गई है।
बैठक में संघ के संरक्षक सिद्धार्थ प्रताप, उपाध्यक्ष आलोक कुमार लोहिया, जॉइंट सेक्रेटरी असद राजा एवं राखी सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार, वरिष्ठ सदस्य ए के बोस सहित सुमित प्रकाश, प्रियंका कुमारी, डॉ. ज्ञान कुमारी राय, संतोष बी. कुमार, नवीन सिंह, रवि रंजन, प्रीतम आनंद, नीतीश कुमार, अमरकांत झा, ब्रजेश भास्कर, मुसव्वर अहमद, फैयाज आलम और जसप्रीत कौर उपस्थित रहे।
बैठक में तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया गया तथा अंत में ए.के. बोस ने धन्यवाद ज्ञापन किया।













