


पूर्णिया। पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए विधायक विजय खेमका ने नगर आयुक्त को विस्तृत अनुशंसा सूची भेजी है। इस सूची में निगम के सभी 46 वार्डों की कच्ची एवं जर्जर छोटी-बड़ी 200 से अधिक सड़कों और नालों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है।
विधायक ने बताया कि सूची में शामिल सभी सड़कों और नालों का फिजिकल सर्वे कराया गया है तथा जनहित को देखते हुए इनका निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सूची वार्ड पार्षदों के पत्र, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार की गई है।
विधायक ने नगर निगम के वर्ष 2026-27 के बजट में इन योजनाओं को शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे शहर में आवागमन बेहतर होगा और जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इसके अलावा, विधायक ने नगर निगम में आई वर्ल्ड बैंक की टीम को पत्र के माध्यम से पूर्णिया के समग्र विकास के लिए तीन प्रमुख परियोजनाओं का प्रस्ताव देने की बात कही। इनमें इंटीग्रेटेड फ्लड कंट्रोल एवं स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम, स्मार्ट अर्बन हेल्थ एवं डिजिटल हेल्थ नेटवर्क, तथा ई-बस व ई-रिक्शा आधारित अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम का विकास शामिल है।
उन्होंने नगर आयुक्त से इन परियोजनाओं के साथ अन्य आवश्यक जरूरतों का विस्तृत प्रोजेक्शन तैयार कर वर्ल्ड बैंक टीम के समक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि पूर्णिया नगर निगम को आवश्यक वित्तीय सहयोग मिल सके।
विधायक ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के स्वीकृति और क्रियान्वयन से पूर्णिया को आधुनिक, सुव्यवस्थित और जलजमाव मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठेगा।
















