
@ भागलपुर की जिलाधिकारी ने कोलकाता के दंपति को सौंपा बालक, दत्तक ग्रहण से पूरी हुई परिवार की खुशियों की तलाश।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। करीब पांच वर्षों से माता-पिता बनने का सपना संजोए कोलकाता के एक दंपति के जीवन में गुरुवार को खुशियों ने दस्तक दी। भागलपुर की जिलाधिकारी ने दत्तक ग्रहण की सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 11 माह के बालक को दंपति को विधिवत स्थायी रूप से सौंप दिया। नन्हे बच्चे के आगमन से दंपति का परिवार पूरा हुआ और उनके जीवन में एक नई शुरुआत हुई। बच्चे को पाकर दंपति ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगभग पांच वर्षों की प्रतीक्षा के बाद उनका परिवार पूर्ण हुआ है। यह पल उनके लिए बेहद भावुक और यादगार रहा। अब इस मासूम को परिवार का स्नेह, सुरक्षा और बेहतर भविष्य मिलेगा।

जिला प्रशासन के अनुसार, दत्तक ग्रहण की पूरी प्रक्रिया केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA), नई दिल्ली के CARINGS पोर्टल के माध्यम से संपन्न की गई। इसमें दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों का पालन किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने बताया कि भागलपुर स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के माध्यम से अब तक 70 से अधिक अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों को दत्तक ग्रहण के जरिए विभिन्न परिवारों को सौंपा जा चुका है।
















