5
(1)

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 करोड़ 40 हजार रुपये आंकी गई कीमत, पश्चिम बंगाल नंबर की स्कॉर्पियो और दो मोबाइल जब्त

नवगछिया। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 707.29 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों सहित कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल पश्चिम बंगाल नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल नंबर की स्कॉर्पियो से स्मैक की बड़ी खेप लेकर तस्कर नवगछिया आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम और रंगरा थाना पुलिस ने रंगरा चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 707.29 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक मो. मुक्कदर और उसके साथ बैठे अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक लेकर नवगछिया के भवानीपुर निवासी गुलशन कुमार को देने आ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर गुलशन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार मो. मुक्कदर और अब्दुल रहमान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि गुलशन कुमार रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर का रहने वाला है। मामले में रंगरा थाना कांड संख्या 326/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगाने के साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: