
भागलपुर। बालिका सशक्तीकरण और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं की 13 विजेता छात्राओं को पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं, करीब 50 छात्राओं के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (एमएचएम) किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस अनुपमा कुमारी ने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही उपयोग और पोषण संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर तबरेज खान ने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी। वहीं, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन ने बचत और बैंकिंग सेवाओं के महत्व को समझाया। कार्यक्रम में साइकिल रेस, निबंध, वाद-विवाद और पेंटिंग प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। अंत में छात्राओं को बाल विवाह और दहेज प्रथा के उन्मूलन तथा बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई।














