


गले पर मिले निशान, शव छोड़कर फरार हुए परिजन; भ्रूण की भी मौत
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नटुआपाड़ा में आठ महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय शाहीन परवीन के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात उन्हें शाहीन की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद जब वे लोग उसकी ससुराल पहुंचे तो शाहीन का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था, जबकि घर के सभी सदस्य फरार थे। मृतका के गले पर काले निशान तथा शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना में शाहीन के साथ उसके गर्भ में पल रहे आठ महीने के भ्रूण की भी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि शाहीन की शादी करीब नौ महीने पहले कमलपुर पंचायत स्थित डोल रिक्ष्वी काशीबाड़ी निवासी सरवर आलम के साथ हुई थी। शादी में जेवरात, फर्नीचर, बाइक और नकद राशि सहित कई उपहार दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांगों को पूरा करने के लिए चोरी हुई बाइक के बदले नई बाइक भी दी गई थी। इसके अलावा जमीन खरीदने के लिए हाल ही में रुपये भी दिए गए थे। बावजूद इसके ससुराल वालों की प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि शाहीन का पति सरवर आलम रोजगार के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था। उसके दिल्ली जाने के बाद ससुराल पक्ष द्वारा शाहीन को और अधिक प्रताड़ित किया जाने लगा था।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
















