


पूर्णिया के महानंदा सभागार में मंगलवार को उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य, कृषक पंजीकरण, पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण तथा सहयोग शिविर अभियान की प्रगति की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं और अभियानों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जनगणना 2027 के तहत किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी घरों का सही और अद्यतन विवरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इसके अलावा किसान पंजीकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर शिविर लगाकर किसानों को जागरूक करने और प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पात्र लाभुक को पेंशन से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी बीडीओ, अंचलाधिकारी एवं संबंधित कर्मियों को सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं वरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित निगरानी करते हुए सभी कार्यों में तेजी लाएं और समय पर लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन विभाग सहित संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
















