


पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
मृतक की पहचान गजेन्द्र मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसकी पत्नी गणिता देवी का दो युवकों रंजीत और सुमन के साथ प्रेम संबंध था। इसी संबंध में बाधा बनने पर गजेन्द्र की हत्या कर दी गई।

बताया जा रहा है कि गजेन्द्र बिहार से बाहर रहकर मजदूरी करता था और घर निर्माण के लिए पत्नी को पैसे भेजता था। जब वह घर लौटा और खर्च किए गए पैसों का हिसाब मांगा तो पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 मई को गणिता देवी के दोनों प्रेमियों ने गजेन्द्र को शराब और चिकन पार्टी के बहाने सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने कथित रूप से गजेन्द्र का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।

घटना के बाद गणिता देवी घर लौट आई और पति के लापता होने का नाटक करती रही। अगले दिन उसने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
7 मई को बीकोठी प्रखंड के हल्दीबाड़ी गांव स्थित बर्णेश्वर वितरणी नहर के पास झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने झाड़ियों से शव बरामद किया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
















