



नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और गांवों में रविवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन और मतदाता सत्यापन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को सटीक और समयबद्ध कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाताओं के बीच जागरूकता अभियान प्रभावी रूप से चलाया जाए ताकि लोग अपने अधिकारों को लेकर सजग हो सकें।
निरीक्षण के क्रम में नवगछिया प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने विभिन्न मतदान केंद्रों और ग्राम पंचायतों का दौरा कर घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण का जायजा लिया। एसडीओ ने कार्य की गुणवत्ता की सराहना की और बीएलओ के समर्पण की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची को अद्यतन करना और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है।













