



छात्रों ने दीप प्रज्वलित कर किया नमन
नवगछिया : भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अपने अदम्य साहस और वीरता से दुश्मनों को करारी शिकस्त दी थी। इस गौरवशाली विजय की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 जुलाई को ‘कारगिल विजय दिवस’ मनाया जाता है। इसी क्रम में नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम तिरासी में शहीद रतन कुमार सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
तिरासी स्थित शहीद रतन कुमार सिंह के स्मारक स्थल पर कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मध्य एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, तिरासी के छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकाला और दीप प्रज्वलित कर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रधानाध्यापक रूपेश कुमार सिंह एवं शिक्षक मोहम्मद शरिक इमरान के नेतृत्व में किया गया। दोनों शिक्षकों ने बच्चों को संबोधित करते हुए शहीदों के बलिदान, देशभक्ति की भावना तथा कारगिल युद्ध के गौरवशाली इतिहास के बारे में विस्तार से बताया।
छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों के माध्यम से अपनी भावनाएं प्रकट कीं। कार्यक्रम पूरी तरह से भावनात्मक एवं प्रेरणादायक रहा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम तथा शहीदों के प्रति सम्मान की भावना का संचार करना था।

इसी अवसर पर नवगछिया के वीर सपूत शहीद रतन कुमार सिंह के स्मारक पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद और भाजपा नेता अनिल यादव, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आलोक सिंह, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, विनय कुमार सिंह और महेश कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने शहीद की वीरगाथा को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।













