


नवगछिया। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान रंगरा प्रखंड के चापर गांव के वीर सपूत अंकित यादव उर्फ धीरज यादव ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की। उनकी शहादत की खबर बुधवार को जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम हो उठी और माहौल गमगीन हो गया।
अंकित यादव, पिता लक्ष्मी यादव और माता सविता देवी के इकलौते पुत्र थे। बचपन से ही उनका सपना था कि वे देश की सेवा करें। सेना में भर्ती होकर उन्होंने अपने सपने को पूरा किया और अब अपने बलिदान से वे अमर हो गए। ग्रामीणों और परिचितों का कहना है कि वे न केवल एक बहादुर सिपाही थे, बल्कि बेहद सरल और मिलनसार स्वभाव के इंसान भी थे।
उनकी शहादत पर पूरा नवगछिया अनुमंडल ही नहीं, बल्कि भागलपुर जिला भी गर्व महसूस कर रहा है। गांव में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं, वहीं प्रशासन द्वारा पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
इधर, बाढ़ की विभिषिका से पूरा क्षेत्र जलमग्न है, जिससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर वे अपने लाल की विदाई के लिए तैयार हैं, वहीं दूसरी ओर बाढ़ के पानी से बचने और राहत की व्यवस्था में जुटे हैं।












