



भागलपुर। पीजी एथलीट यूनियन एवं कॉमन रूम, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सत्र 2025–26 के लिए इंटर कॉलेज बैडमिंटन टूर्नामेंट (महिला एवं पुरुष वर्ग) का आयोजन विश्वविद्यालय के मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। प्रतियोगिता 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगी।

विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी सुनिश्चित की है। अब तक 10 पुरुष टीमों और 10 महिला टीमों ने अपना नामांकन कराकर टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की पुष्टि की है।
2 दिसंबर को प्रतियोगिता का दूसरा दिन होगा, जिसमें विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसी दिन पुरस्कार वितरण समारोह और समापन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के उपरांत 3 दिसंबर 2025 को टीएमबीयू की ओर से ईस्ट जोन बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने के लिए पुरुष और महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
टूर्नामेंट के अध्यक्ष डॉ. हलीम अख्तर ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और महाविद्यालयों को शुभकामनाएँ दीं। वहीं आयोजन सचिव डॉ. अभिषेक कुमार ने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और नियमों का पालन करने की अपील की।
टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसमें प्रो. पूर्णेन्दु शेखर, डॉ. जनक श्रीवास्तव, डॉ. अंबिका कुमार, डॉ. अंशु कुमार, डॉ. रुचि श्री, डॉ. शोभा तिवारी, डॉ. मुबीना तथा पी.टी.आई. डॉ. बिपिन को सदस्य बनाया गया है।
अध्यक्ष डॉ. हलीम अख्तर की अध्यक्षता में आयोजन सचिव डॉ. अभिषेक कुमार ने 30 नवंबर को आयोजन समिति के साथ बैठक की, जिसमें शांतिपूर्ण, सफल और सुव्यवस्थित संचालन हेतु विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियाँ निर्धारित की गईं।

प्रतियोगिता की टाई-शीट का प्रकाशन 1 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। विश्वविद्यालय का यह टूर्नामेंट खेल कैलेंडर की प्रमुख प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है और इस बार इसे और भी भव्य व सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।

















