



नवगछिया। वार्ड 23 की पार्षद चम्पा कुमारी ने बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव को पत्राचार के माध्यम से मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना में आवेदन के निष्पादन की तय समय सीमा निर्धारित करने की मांग की है।

पत्र में पार्षद ने बताया कि वर्तमान में योजना के स्वीकृत और निष्पादन में कोई निश्चित सीमा न होने के कारण आवेदन करने वाले वृद्धजन को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में आवेदन का निष्पादन छह महीने से लेकर दो साल तक भी लग जाता है, जिससे वृद्धजन बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर काटते हुए थकान और परेशानी झेलते हैं।

चम्पा कुमारी ने पत्र में आग्रह किया है कि वृद्धजन पेंशन योजना सहित सभी सामाजिक कोषांग के लंबित आवेदन का जल्द निपटारा किया जाए और विभाग द्वारा आवेदन निष्पादन के लिए स्पष्ट समय सीमा तय की जाए, ताकि वृद्धजन को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।














