



भागलपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाईपास थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष छापामारी अभियान के दौरान जखबाबा स्थान के उत्तर स्थित महेन्द्रा शोरूम के अंदर से तीन युवकों को अवैध हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. पग्गों (उम्र लगभग 25 वर्ष), मो. अफान (उम्र लगभग 22 वर्ष) और मो. साकीर (उम्र लगभग 24 वर्ष) के रूप में की गई है। तीनों अभियुक्त दोगच्छी गांव, थाना बाईपास, जिला भागलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मो. पग्गों और मो. अफान का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दोनों आरोपित पूर्व में भारतीय दंड संहिता की धाराओं में भी नामजद रह चुके हैं।

छापामारी के दौरान पुलिस ने एक मास्केट (देशी कट्टा) और एक जिंदा गोली बरामद की है। बरामद मास्केट के बैरल की लंबाई लगभग 18 इंच तथा बॉडी की लंबाई करीब 6 इंच बताई गई है, जिससे इसकी कुल लंबाई लगभग 24 इंच है। हथियार के दोनों ओर लकड़ी के हत्थे लगे हुए हैं और इसे काले रंग से पेंट किया गया है। कट्टा खोलने पर उसके अंदर से एक 315 बोर की जिंदा गोली बरामद हुई, जिसके पिछले हिस्से पर ठोकर का निशान और “8 M.M K.F” अंकित पाया गया।
इस सफल छापामारी अभियान का नेतृत्व बाईपास थाना प्रभारी पु.अ.नि. प्रभात कुमार ने किया। उनके साथ पु.अ.नि. सुशील गराई तथा सिपाही लखन कुमार, अमित कुमार और राजीव कुमार छापामारी दल में शामिल थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरीय अधिकारियों ने इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति का परिणाम बताया है और कहा है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













