



भागलपुर। शहर में चार दिनों से लापता 60 वर्षीय धनंजय दास का शव गंगा नदी के किनारे से बरामद किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी घाट के पास गंगा नदी किनारे मिले शव की पहचान इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर दो स्थित हरिजन टोला निवासी धनंजय दास के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार धनंजय दास सैंडिस कंपाउंड गेट के सामने सड़क किनारे मोची का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह रोज की तरह दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन न तो अपनी दुकान पहुंचे और न ही वापस घर लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी खोजबीन की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
काफी प्रयासों के बाद भी जब धनंजय दास का कोई सुराग नहीं मिला तो बुधवार को इशाकचक थाना में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों ने उनकी तलाश के लिए सोशल मीडिया पर भी तस्वीर और जानकारी साझा कर लोगों से मदद की अपील की थी।

इसी बीच बीती रात एक अज्ञात व्यक्ति ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि बरारी थाना क्षेत्र के मुसहरी घाट के पास गंगा नदी में एक शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान धनंजय दास के रूप में की गई। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।













