



भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधनों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक की गई राजस्व वसूली की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान वाणिज्य कर, निबंधन, परिवहन, राजस्व, खान एवं भूतत्व, राष्ट्रीय बचत, मत्स्य, नीलाम पत्र, वन विभाग, कृषि, सहकारिता, नगर निगम, मापतोल विभाग तथा औषधि विभाग द्वारा नवंबर माह तक की गई वसूली की स्थिति प्रस्तुत की गई। समीक्षा में पाया गया कि अधिकांश विभागों द्वारा नवंबर माह तक औसतन लगभग 50 प्रतिशत तक ही वसूली की जा सकी है।

इस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष अवधि में लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने भागलपुर जिले के सभी अंचलाधिकारियों से दाखिल-खारिज, परिमार्जन तथा वासगीत पर्चा वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।














