0
(0)

भागलपुर । एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 से 29 दिसंबर तक बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना, पटना में आयोजित होगी, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजन समिति पूरी तरह जुटी हुई है।

इस संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 27 दिसंबर को अपराह्न 4 बजे आयोजित किया जाएगा। वहीं 28 दिसंबर को चार लीग मैचों का आयोजन कुशवाहा आश्रम, हाजीपुर (वैशाली) में किया जाएगा। हाजीपुर में होने वाले लीग मैचों के सफल आयोजन के लिए वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

चैंपियनशिप के दौरान एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के अध्यक्ष वाई. राजा राव, महासचिव अमिश रेगमी सहित एशियन एवं भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह प्रतियोगिता “खेलेंगे, जीतेंगे, चमक बिखेरेंगे खिलाड़ी” की थीम पर आधारित है, जो खिलाड़ियों में उत्साह और खेल भावना को बढ़ावा देगी।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था आयोजन स्थल के आसपास के विभिन्न होटलों में की गई है। भोजन की व्यवस्था आयोजन स्थल के डाइनिंग हॉल में सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा खिलाड़ियों और पदाधिकारियों के लिए परिवहन की भी समुचित व्यवस्था की गई है। चैंपियनशिप में भाग लेने वाली श्रीलंका और भूटान की टीमों को गया (बोधगया) का दर्शन भी कराया जाएगा। उद्घाटन और समापन समारोह को आकर्षक और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।

संघ के उपाध्यक्ष सह प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि श्रीलंका और मेजबान भारत की पुरुष एवं महिला टीमें 25 दिसंबर को पटना पहुंचेंगी, जबकि भूटान और मेजबान भारत की टीमें 27 दिसंबर की सुबह पटना आएंगी। प्रतियोगिता को जन-जन तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने के लिए राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर पोस्टर और बैनर लगाए जाएंगे। प्रतियोगिता स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया और संवारा जा रहा है।

संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि मैचों का संचालन भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के मुख्य निर्णायक केरल के एस. जी. ज्योतिष की देखरेख में किया जाएगा। पहली बार पटना में आयोजित हो रही इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीएसएसएस शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस), संघ की संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार, सुनील कुशवाहा सहित बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार द्वारा दी गई।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: