



भागलपुर: भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में भूमि संबंधी विवाद, मद्यनिषेध, जन शिकायत, खनन और अभियोजन से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निपटान को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने भागलपुर के सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी और अपर समाहर्ताओं को भूमि से जुड़े लंबित विवादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मद्यनिषेध से जुड़े लंबित मामलों को दो सप्ताह के भीतर निपटाने के भी आदेश दिए।

बैठक में जिला खनिज विकास पदाधिकारी ने खनन विभाग द्वारा अब तक की गई वसूली और अन्य गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके अलावा जन शिकायतों और अभियोजन के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई और इन मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, विधि व्यवस्था राकेश रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पदाधिकारी भी उपस्थित थे।














