



भागलपुर। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव के अवसर पर भागलपुर शहर में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कचहरी चौक स्थित विभिन्न गिरजाघरों में पहुंचे और वहां आयोजित प्रार्थना सभाओं में भाग लेकर प्रभु यीशु की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने नतमस्तक होकर प्रभु यीशु से आशीर्वाद लिया और सुख, शांति एवं सद्भाव की कामना की।

प्रार्थना सभा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु के दर्शन किए और इस विशेष अवसर पर गिरजाघर के फादर को उपहार भेंट कर सम्मान प्रकट किया। गिरजाघरों में विशेष सजावट की गई थी और भक्ति गीतों व प्रार्थनाओं के माध्यम से प्रभु यीशु के संदेशों का स्मरण किया गया।
ईसा मसीह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला यह वार्षिक पर्व 25 दिसंबर की मध्य रात्रि से आरंभ होता है। यह ईसाई धर्म का प्रमुख और पवित्र पर्व माना जाता है। प्रभु यीशु के जन्म उत्सव को लेकर भागलपुर के गिरजाघरों में विशेष तैयारियां की गई थीं, जिनमें आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामूहिक प्रार्थनाओं का आयोजन शामिल रहा।

भागलपुर में क्रिसमस का पर्व विशेष रूप से सांता क्लॉज, उपहार वितरण, आकर्षक सजावट, क्रिसमस ट्री, कैरोल गीतों और पारिवारिक दावतों के साथ मनाया जा रहा है। शहर में जगह-जगह रोशनी और सजावट से उत्सव का माहौल बना हुआ है।
क्रिसमस पर्व प्रेम, शांति, करुणा और खुशी का संदेश देता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारे और सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।














