



भागलपुर। जिले में राजस्व एवं भूमि सुधार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के लिए आज समीक्षा भवन में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में लागू विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लंबित मामलों और सुधारात्मक कदमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा प्रधान सचिव सी.के. अनिल का स्वागत कर उनके प्रति सम्मान प्रकट करने से हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन्हें पौधा और मंजूषा पेंटिंग भेंट की। बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

समीक्षा बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व और भूमि सुधार से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि भूमि विवादों का शीघ्र समाधान हो और आम जनता को समय पर योजनाओं का लाभ मिले। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि राजस्व व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए और जिले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट का अध्ययन किया गया और लंबित मामलों को निपटाने के लिए सुधारात्मक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभागीय कार्यों में सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी अपनी राय प्रस्तुत की।















