



नवगछिया : अनुमंडल के एकमात्र नवनिर्मित शिरडी साईंनाथ मंदिर साईंनगर सहौरा में साईंनाथ की दिव्य प्रतिमा की शास्त्रसम्मत एवं विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर गुरुवार को श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री शुभम कुमार ने जगद्गुरु रामानुजाचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सेवा समिति की वार्षिक पत्रिका पूज्य गुरुदेव को ससम्मान भेंट की तथा मंदिर में प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

श्री शुभम कुमार ने पूज्य गुरुदेव को अवगत कराया कि नवनिर्मित साईंनाथ मंदिर का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। वहीं साईंनाथ की प्रतिमा का निर्माण जयपुर में पूर्ण हो चुका है और वह स्थापना के लिए पूर्णतः तैयार है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की असीम कृपा एवं गुरुदेव के पावन सानिध्य में यह पवित्र कार्य विधि-विधान एवं भव्यता के साथ संपन्न होगा, जिसका क्षेत्रवासी लंबे समय से बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर वैदिकाचार्य आचार्य कौशल जी के नेतृत्व में साईं सेवा समिति के सदस्यों ने प्रस्तावित प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी पूज्य गुरुदेव को दी। साथ ही गुरुदेव से आग्रह किया गया कि उनकी कृपा एवं मार्गदर्शन के अनुरूप शीघ्र ही प्राण-प्रतिष्ठा की तिथि निर्धारित की जाए, ताकि यह ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना का विस्तार हो।















