


भागलपुर : जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत का विस्तृत दौरा कर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पंचायत क्षेत्र के तालाब, कुआँ एवं अन्य सामुदायिक परिसंपत्तियों का जायजा लिया। उन्होंने तालाब के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन के समीप प्रस्तावित विवाह मंडप निर्माण के लिए चयनित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस दौरान अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि जगदीशपुर प्रखंड आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित है। इस संदर्भ में जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत संरचना एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विकास कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी जगदीशपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।












